राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन के अवसर पर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।

एक सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति मुर्मू ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में बीते 25 वर्षों के दौरान जनसेवा तथा राष्ट्र निर्माण में श्री मोदी के अनुकरणीय योगदान की सराहना की। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सुशासन के कई नए मानदंड स्थापित किए हैं और समावेशी विकास को अभूतपूर्व गति दी है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि देश अपनी विरासत और विकास में संतुलन बनाते हुए सांस्कृतिक गौरव के साथ आधुनिक प्रगति की ओर अग्रसर है। राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की ताकि वे लगातार देश की सेवा करते रहें।

वहीं, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर एक चमकते सितारे के रूप में उभर रहा है और दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने रेखांकित किया कि 25 करोड़ से अधिक भारतीय अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं। उपराष्ट्रपति ने कहा कि एक परिवर्तनकारी डिजिटल क्रांति ने करोड़ों लोगों को सशक्त बनाया है, जबकि अंतरिक्ष, प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और विनिर्माण जैसे हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

इस अवसर पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी प्रधानमंत्री को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सेवा के प्रति श्री मोदी की निष्ठा और समर्पण सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने ईश्वर से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्र सेवा के लिए निरंतर ऊर्जा की प्रार्थना की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *