भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने आज न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में आयोजित 2026 भारत-न्यूजीलैंड ‘सेंचुरी ऑफ स्पोर्टिंग यूनिटी’ इवेंट के अपने पहले मुकाबले में मेजबान टीम को 3-2 के कड़े अंतर से हराकर शानदार शुरुआत की है।

लॉयड एल्समोर हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में न्यूजीलैंड ने 25वें मिनट में जोंटी एल्म्स के पेनल्टी कॉर्नर गोल की बदौलत शुरुआती बढ़त हासिल की। हालांकि, भारत ने तुरंत पलटवार किया और उत्तम सिंह ने शानदार मैदानी गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने अपने आक्रमण को और तेज किया, जिसका फायदा शारदानंद तिवारी के मैदानी गोल के रूप में मिला और भारत ने बढ़त बना ली। इसके बाद कप्तान संजय ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बढ़त को 3-1 कर दिया। न्यूजीलैंड ने वापसी की कोशिश जारी रखी और सैम हिहा के मैदानी गोल की मदद से अंतर को कम किया।

अंतिम क्षणों में भारतीय डिफेंस ने अपनी बढ़त को मजबूती से बरकरार रखा और 3-2 से जीत दर्ज कर तीन मैचों की सीरीज में सकारात्मक शुरुआत की। भारत अब शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा मुकाबला खेलेगा, जबकि सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच रविवार को होगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *