विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयसस ने रविवार को 2026 BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने ‘हेल्थ फॉर ऑल’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने और वैश्विक स्वास्थ्य सहयोग को सुदृढ़ करने के प्रति ब्रिक्स की प्रतिबद्धता की सराहना की।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में डॉ. टेड्रोस ने ‘नई दिल्ली घोषणा 2026’ का स्वागत किया। इस घोषणापत्र में सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज, लचीली स्वास्थ्य प्रणालियों, महामारी समझौते, टीबी उन्मूलन, डिजिटल स्वास्थ्य, स्वास्थ्यकर्मियों के सशक्तीकरण और पारंपरिक चिकित्सा के एकीकरण पर विशेष बल दिया गया है। इसके अलावा, नेताओं ने चंडीगढ़ में आयोजित 16वीं ब्रिक्स स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक के परिणामों का स्वागत करते हुए टीबी से निपटने के लिए एकजुट प्रयासों और नवाचारों के आदान-प्रदान की आवश्यकता पर जोर दिया।

दूसरी ओर, विश्व व्यापार संगठन (WTO) की महानिदेशक न्गोजी ओकोंजो-इवेला ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली (MTS) और WTO सुधारों के प्रति भारत के समर्थन के लिए आभार जताया। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली की वर्तमान स्थिति, वैश्विक व्यापार के सामने आने वाली चुनौतियों और डब्ल्यूटीओ सुधार के अवसरों पर सार्थक चर्चा हुई।

भारत की अध्यक्षता में नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन “लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण” (Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability) की थीम पर आधारित है, जो प्रधानमंत्री मोदी के ‘ह्युमैनिटी फर्स्ट’ के जन-केंद्रित दृष्टिकोण को दर्शाता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *